फफूंद (औरैया)। फफूंद थाना क्षेत्र में आशा पुर्वा गांव के मोड़ के पास हत्या कर युवक का शव खेत में फेंकने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है। आरोपी ने लेनदेन के विवाद में हत्या करने की बात स्वीकार की है।
एसपी अपर्णा गौतम ने बताया कि जितेंद्र कुमार दोहरे की हत्या लेनदेन को लेकर हुई थी। हत्यारोपी अंकित यादव निवासी खरकपुर थाना दिबियापुर ने बताया कि जितेंद्र ने उससे रुपये उधार लिए थे। कई बार मांगने पर वह आनाकानी कर टरका देता था। चार मई को उसने फोन करके जितेंद्र को शराब पीने के बहाने से बुलाया। इस दौरान जब उसने जब जितेंद्र से उधारी के रुपये मांगे, तो उसने मना कर दिया। इस पर अंकित ने गुस्से में उस पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी।