जनपद के ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भर्थना रोड पर अज्ञात वाहन ने एक युवक को रौंद दिया। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। शव को सड़क पर पड़ा देख राहगीरों ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली और मिली डायरी के आधार पर मृतक की शिनाख्त कर घटना की जानकारी मृतक के परिवारीजनों को दे दी गयी है।
ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भर्थना रोड पर देरशाम को ग्रामीण अपने घरों को वापस लौट रहे थे। तो इसी रोड पर एक शव को ग्रामीणों ने पड़ा देखा। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को देते हुए बताया कि किसी वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुयी है। मौके पर पहुंची ऐरवाकटरा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और शव के कपड़ों की तलाशी ली। तलाशी में कपड़ों से एक डायरी मिले।
जिसमें लिखे नाम के आधार पर युवक की पहचान सर्वेश उर्फ जुग्नू (38 वर्ष) पुत्र लालाराम पाल निवासी लालपुर थाना इकदिल जिला इटावा के रुप में की। साथ ही डायरी में लिखे नंबरों पर मृतक के परिवारीजनों को सूचना दी और पुलिस शव को थाने ले आयी। घटना के संबंध में थाना प्रभारी शिवकुमार का कहना है कि मृतक के परिवारीजनों के आते ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जायेगा। शव का पंचनामा भर लिया गया है। परिजनों के आने के बाद ही मालूम हो सकेगा कि युवक कस्बे में किस काम से आया था।
ओमनी कार की टक्कर से विकलांग की म
सहार कस्बा याकूबपुर से अपने गांव लौट रहे ट्राइसाइकिल सवार विकलांग को ओमनी ने सोमवार की देरशाम टक्कर मार दी। सूचना पर तुरंत सहार पुलिस पहुंची पुलिस घायल विकलांग को सीएचसी लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने विकलांग को मृत घोषित कर दिया। इधर मौके पर मौजूद लोगों ने कार की घेराबंदी की।चालक ओमनी मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
बेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लाखी निवासी विकलांग सुभाष चंद्र (45) पुत्र रघुवर दयाल सोमवार को किसी काम से याकूबपुर आये थे। देरशाम को वह अपनी ट्राइसाइकिल से वापस अपने गांव लौट रहे थे। अभी वह याकूबपुर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे ही थे कि बेला की ओर से तेजगति से आ रही ओमनी कार ने ट्राइसाइकिल में टक्कर मार दी। जिससे विकलांग सड़क पर गिर गया और लहुलूहान हो गया। विकलांग की हालत देख ओमनी चालक ने मौके से भागने की कोशिश की।
इधर घटना देख मौके पर मौजूद लोगों ने गाड़ी को घेरा तो चालक अपने को ग्रामीणों से घिरा पाकर गाड़ी मौके पर छोड़कर भाग निकला। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने विकलांग को स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिवारीजनों को दे दी है। इधर पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाली ओमनी गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मृतक के परिवारीजनों से तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जायेगी और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है/।