रुरुगंज/ऐरवाकटरा (औरैया)। गुरुवार को खेत से घर जा रहे किसान को किसी वाहन ने रौंद दिया और चालक फरार हो गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी किसान के परिजनों को दी। घटना से नाराज ग्रामीणों और किसान के परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर बिधूना-इटावा मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर भीड़ को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम खुलवाया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
क्षेत्र के पथरिया निवासी गीतम सिंह (55) पुत्र राम गोपाल गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े 11 बजे खेत से अपने घर जा रहा था। बिधूना-इटावा मार्ग पर गांव से कुछ पहले किसी वाहन ने गीतम सिंह को रौंद दिया। चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने गीतम सिंह के शव को सड़क पर क्षतविक्षत हालत में देख इसकी जानकारी मृतक के परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बिधूना-इटावा मार्ग पर शव को बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर थाना प्रभारी नवीन कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस जाम लगाए भीड़ को समझा सकी।
ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन को पकड़ा। जाम खुलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि गीतम सिंह सुबह के समय खेत से चारा लाने की बात कहकर गए थे। चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया देरशाम तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।