अयाना(औरैया)। बुधवार को थाना क्षेत्र के कसबा सेंगनपुर निवासी मछली पकडने यमुना पर गए चाचा-भतीजे पानी में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से चाचा का शव ढूंढ निकाला। सीओ अजीतमल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
कस्बा सेंगनपुर निवासी रिजवान (40) पुत्र सुभान खान अपने भतीजे सोहेल खान (14) पुत्र कुर्बान खान के साथ 11 नवंबर की दोपहर घर पर बिना बताए मछली पकडने के लिए यमुना नदी पर गए थे। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने आसपास क्षेत्र में तलाश की।
कहीं कुछ पता न चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। दूसरे दिन गुरुवार को पुलिस ने परिजनों व ग्रामीणों के साथ मिलकर बीहड़ व नदी किनारे तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस ने यमुना नदी किनारे से साइकिल, कुल्हाड़ी, झोला व मछली पकडने वाला तार, कांटा बरामद किया। इस पर पुलिस ने पानी में डूबने की आशंका के चलते गोताखोरों को बुलाकर यमुना नदी में तलाश कराई। मढ़ापुर निवासी गोताखोर शिव सिंह ने रिजवान का शव ढूंढ निकाला। भतीजे सोहेल खान की अभी तलाश की जा रही है।
सीओ अजीतमल कमलेश पांडेय ने बताया कि रिजवान के दो बेटियां हैं। जिसमें असरफा (07) व इकरा (03) साल की हैं। सोहेल 18 नवंबर को अपने मामू की होने वाली शादी में शामिल होने के लिए आया था। सूत्रों के मुताबिक बुधवार को अयाना थाना पुलिस को लिखित तहरीर दी गई थी लेकिन पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं की।