दिबियापुर(औरैया)। औरैया-दिबियापुर मार्ग पर समाधान पुर्वा गांव के पास सोमवार को एक अनियंत्रित कार बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद खड्ड में जा गिरी। इस हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
कंचौसी के नौगवां निवासी पीडब्ल्यूडी कर्मचारी सलिल दुबे सोमवार को बाइक से औरैया की ओर जा रहे थे। गांव समाधान का पुर्वा के पास उत्तर प्रदेश सरकार लिखी एक अनियंत्रित कार ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक में टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर खड्ड में जा गिरी। बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और चालक सलिल दुबे गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल सेहुद मंदिर से लड़की दिखाई की रस्म में शामिल होकर लौट रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खड्ड में गिरी कार को बाहर निकलवाया। दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा लिया है। इधर, कार स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी की होने की जानकारी होने के कारण पास में ही स्थित सीएमओ कार्यालय से स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। गांव के लोगों के अनुसार कार सवार स्वास्थ्य अधिकारी को चोटें नहीं आईं हैं।