अजीतमल/दिबियापुर। अलग-अलग सड़क हादसों में मां-बेटा समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अजीतमल में मां की आंखों का इलाज कराने के लिए बाइक से जा रहे हरीनारायण व मां मालती देवी हाईवे पर ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गए। घायलों को अजीतमल सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर कर दिया। वहीं, हाईवे पर मेंटीनेंस का काम कर रहे मजदूरों ने ट्रक को रोक लिया। पुलिस ट्रक व ड्राइवर को कोतवाली ले गई है।
दिबियापुर रामगढ़ मार्ग पर नंदपुर गांव के सामने सोमवार को पैदल जा रहे एक बुजुर्ग को किसी वाहन ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। घायल को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से उसे सैंफई रेफर कर दिया गया। गंभीर रूप से जख्मी होने से बुजुर्ग अपना नाम नहीं बता सकें।
उधर, बेला रोड पर दो बाइकों की भिड़ंत में दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक बाइक चालक महेश चंद्र निवासी टिककरापुर बेला औरैया को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरे बाइक चालक को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया।