दिबियापुर (औरैया)। रामगढ़ बिधूना रोड पर स्थित पूर्वा छनन के पास गमादेवी मोड़ के पास ट्रक की टक्कर से पैदल जा रहा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बिधूना में प्राथमिक उपचार के बाद सैंफई रेफर किए गए घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सोमवार की रात लगभग नौ बजे राजकुमार (38) पुत्र मोतीलाल निवासी पूर्वा छनन, कस्बा रामगढ़ से अपने घर जा रहा था। जैसे ही वह अपने गांव के पास गमादेवी मंदिर मोड़ के पास पहुंचा। एक तेज गति ट्रक ने टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को बिधूना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से गंभीरावस्था में उसे सैंफई रेफर कर दिया गया।
हरचंदपुर चौकी इंचार्ज रामखिलाड़ी यादव ने घटनास्थल पर पहुंच कर ट्रक को अपने कब्जे में लेकर हरचंदपुर चौकी में खड़ा कर लिया। उपचार के दौरान सैंफई में घायल ने दम तोड़ दिया। पत्नी बबली का रो रोकर बुरा हाल है। राजकुमार रामगढ़ स्थित एक गेस्ट हाउस में मजदूरी करता था। मृतक के तीन पुत्र है। दो पुत्र गुड्डू एवं रंजीत जिले से बाहर प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। जबकि छोटा पुत्र विशाल घर पर ही रहता है। चौकी इंचार्ज रामखिलाड़ी यादव के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।