अजीतमल (औरैया)। फफूंद थाना क्षेत्र स्थित जुआ पुल के पास रविवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई, दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल को सैफई रेफर किया गया है।
कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के गांव औरंगाबाद निवासी राम प्रकाश की पुत्री मनीषा की शादी अजीतमल के गांव प्रहलादपुर निवासी रमाकांत से तय हुई है। रविवार को परिजन अलग-अलग बाइकों से तिलक चढ़ाने गांव प्रहलादपुर आ रहे थे। एक बाइक पर मनीषा का चचेरा भाई सुनील (22) पुत्र राजेंद्र प्रसाद गांव के ही अपने साथी शीलू पुत्र सुरेश बाबू के साथ तिलक समारोह में आ रहा था।
जुआ पुल के पास पहुंचते ही सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के चालक कार समेत भाग गया। वहां मौजूद लोगों ने कार का पीछा किया, लेकिन चालक पकड़ में नहीं आया। पीछे से अन्य वाहनों पर आ रहे परिजनों ने घायल सुनील और शीलू को सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया। शीलू की हालत ज्यादा गंभीर देख सैफई रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर सीएचसी पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।