औरैया। ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के बिधूना-ऐरवाकटरा मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने शनिवार की दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी एरवाकटरा में भर्ती कराया। वहां से उन्हें सैफई रैफर कर दिया गया। दोनों बाइक चालक हेलमेट लगाए थे।
गांव बीलपुर निवासी सचिन (21) पुत्र जयचंद्र बाथम शनिवार की दोपहर अपने मामा नरेश बाथम (46) निवासी रामपुर वैस अछल्दा के साथ बाइक से ऐरवाकटरा से बीलपुर जा रहा था। बिधूना-ऐरवाकटरा मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने दूसरी बाइक पर कमल सिंह (20) पुत्र हवलदार निवासी नगला गुसाई और अनुज (18) पुत्र मुन्नालाल निवासी नगला गुसाई आ रहे थे। दोनों बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में सचिन और कमल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
अनुज और नरेश बाथम गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी ऐरवाकटरा में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने दोनों को सैफई रेफर कर दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस ने मृतकों के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही दोनों के घरों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी विष्णु गौतम ने बताया कि दोनों बाइकों के चालक हेलमेट लगाए थे, टक्कर लगने के बाद मृतक कमल सिंह के हेलमेट फंसने और सचिन का हेलमेट टूटने से सिर में लगी चोट के कारण मौत हुई है।