कंचौसी/बिधूना। अलग-अलग सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कंचौसी में अमरपुर मोड़ के पास बेकाबू वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। वहीं, बिधूना में ब्रेकर से उछलकर बाइक सवार गिरकर घायल हो गया।
कंचौसी के हुलासी का पुरवा निवासी गोविंद पुत्र अजब सिंह व अन्नू पुत्र अनिल बाइक से खेत में चल रहे ट्रैक्टर को देखने जा रहे थे। अमरपुर मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में गोविंद व अन्नू गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन निजी वाहन से कानपुर ले गए हैं।
उधर, बिधूना में पसुआ निवासी मंजेश कुमार (37) पुत्र सुनील कुमार बाइक से सोमवार को दोपहर बाजार से घर लौट रहे थे। अछल्दा-बिधूना मार्ग पर सराय प्रथम के पास ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित हो गई। इसके चलते मंजेश गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया। वहां हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य शरद कुमार राणा अस्पताल पहुंचे और घायल को अपनी गाड़ी से कानपुर ले गए है।