फोटो 06 एयूआरपी 33- हादसे के बाद रोते-बिलखते पलक के घर के लोग
- फोटो : AURAIYA
एरवाकटरा (औरैया)। किशनी-बिधूना मार्ग पर तेज गति से आ रहे बेकाबू ट्रक ने गुरुवार दोपहर सड़क पार कर रही एक छात्रा को कुचल दिया। छात्रा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एरवाकटरा पुलिस ने ट्रक व ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।
एरवाकटरा में किशनी-बिधूना मार्ग पर स्थित तालाब के पास सड़क पार करते समय कटरा भटपुरा निवासी कु. पलक दिवाकर (13) पुत्री स्व. रामरतन दिवाकर को बिधूना की ओर से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। ट्रक का पहिया पलक के सर पर चढ़ जाने के कारण उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे से आक्रोशित भीड़ ने किशनी-बिधूना रोड पर जाम लगाने की कोशिश की।
थानाध्यक्ष विष्णु गौतम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिससे यातायात सुचारु रूप से चलता रहा। मृतका के बाबा लालमन सूर्यवंशी की चालक के विरुद्ध लिखित तहरीर के बाद थानाध्यक्ष ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लालमन सूर्यवंशी ने बताया कि पलक अपने चार भाई बहनों में तीसरे नंबर की थी। वह कक्षा 5 में पढ़ती थी और पढ़ाई में काफी होशियार थी। प्रधान चंद्रशेखर गुप्ता, पूर्व बीडीसी संतोष यादव व सुभाषचंद्र गुप्ता आदि ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।