जिलाधिकारी ने किसान दिवस में गैर हाजिर रहे अधिशासी अभियंता विद्युत व जलनिगम का वेतन रोके जाने के साथ ही उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किए जाने के निर्देश दिए।
किसान दिवस में डीएम माला श्रीवास्तव ने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारण करना संबंधित विभागों का नैतिक दायित्व है।
उन्होंने किसानों को समय पर बिजली, पानी, खाद, बीज की उपलब्धता के लिए कृषि विभाग अधिकारियों एवं एआर कापरेटिव को निर्देश दिए। किसान दिवस में आई कुल पांच शिकायतों का डीएम ने निर्धारत समय पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
तिवारी का पुर्वा सेहुद के किसान भान सिंह तिवारी ने विद्युत तार काटे जाने से ट्यूबवेल बंद होने की शिकायत की। ग्राम मधुपुर के मुनीश्वर दयाल ने सिक्सलेन परियोजना में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग की।
ग्राम सुरान के रामेश्वर सिंह ने गांव में पानी की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। ग्राम सौंधेमऊ के किसान सुरेश सिंह ने खतौनी पर गलत नाम दर्ज करने की शिकायत की।
डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को उक्त समस्याएं निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित रहे एक्सईएन विद्युत पंकज शर्मा व एक्सईएन जलनिगम मो. ताहिर के विरुद्ध वेतन रोके जाने के साथ ही उन्हें नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण तलब किए जाने के निर्देश दिए।
किसान दिवस में डीडी कृषि डा. बनारसी यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।