अछल्दा (औरैया)। थाना पुलिस की मोबाइल बाइक को एक युवक दौड़ाते हुए बृहस्पतिवार देर रात नजर आया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले सिपाही को निलंबित कर दिया है। बाइक चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
कस्बा स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 13-बी के पास पुलिस की सरकारी चीता मोबाइल बाइक को कस्बा निवासी सुड्डन त्रिपाठी चलाता हुआ नजर आया था। किसी ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो संज्ञान में आते ही एसपी अभिषेक भारती ने इसे अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही माना। उन्होंने तत्काल प्रभाव से चीता मोबाइल पर तैनात सिपाही सरमोहन को निलंबित कर दिया।
थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए बाइक सवार कस्बा के ब्लॉक चौराहे निवासी सुड्डन त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में चालान कर उसे जेल भेज दिया है। इससे पहले उमरैन चौकी पुलिस की जीप में एक युवक बैठकर निर्देश दे रहा था। उसका वीडियो वायरल होने पर थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी को लाइन हाजिर व उमरैन चौकी प्रभारी किशनवीर व सिपाही विपिन सिंह को निलंबित किया गया था।