बेला। धरमंगदपुर से बाइक चोरी कर भाग रहा चोर सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकराकर घायल हो गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही चोरी की हुई बाइक को कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया।
कैथावा निवासी विनोद कुमार बुधवार शाम को बाइक से धरमंगदपुर स्थित अपने खेतों पर चारा काटने के लिए गया था। उसने बाइक सड़क पर खड़ी कर दी थी। इस बीच एक चोर वहां से बाइक चुराकर भाग निकला। हड़बड़ाहट में बाइक सामने से आ रहे ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी बेला में भर्ती कराया।
पुलिस की पूछताछ में घायल की पहचान कन्नौज, हसेरन के हुसैननगर निवासी सुमित के रूप में हुई। उसने पुलिस को बताया कि बाइक पर उसके दो साथी भी बाइक पर थे, जो हादसे के बाद उसे छोड़ कर भाग निकले। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।