अछल्दा। रेलवे स्टेशन के पास बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। वैजयनाथ एक्सप्रेस से गिरकर एक करीब 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। काफी प्रयासों के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
दिल्ली-हावड़ा डाउन लाइन पर शाम करीब पांच बजे वैजयनाथ एक्सप्रेस जैसे ही रेलवे क्रॉसिंग और प्लेटफार्म के मध्य पहुंची, तभी एक युवक अचानक नीचे गिर गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेश चंद्र फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
जीआरपी प्रभारी अजीत सिंह के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष है। उसने नीली जींस और सफेद बनियान पहनी हुई थी। तलाशी के दौरान उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस आसपास के स्टेशनों और थानों के जरिए शिनाख्त की कोशिश कर रही है। (संवाद)