विकास भवन में बिजली के चैंबर में तारों का मकड़जाल।
- फोटो : विकास भवन में बिजली के चैंबर में तारों का मकड़जाल।
औरैया। विकास भवन की जिस बिल्डिंग में जनपद के विकास कार्यों का खाका खींचा जाता है, वही बिल्डिंग इस समय बदहाल है। यहां न तो सफाई व्यवस्था दुरुस्त है और न ही सुरक्षा के इंतजाम है।
जगह-जगह पान की पीकों से दीवारें लाल हैं। वाटर कूलर कबाड़ की स्थिति में है। बिजली की वायरिंग भी मकड़जाल में उलझी है। तार जगह-जगह स्पार्किंग के कारण जले पड़े हैं। इस हर समय अनहोनी का खतरा बना रहता है।
विकास भवन की बिल्डिंग में इंट्री प्वाइंट के दाहिने ओर बिजली का चैंबर है। यहां वायरिंग पर धूल जमी हुई हैं। तारों का मकड़जाल है। जगह-जगह पर तारों के कट खुले हैं। ऐसे में स्पार्किंग होती रहती है। आग लगने का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा प्रथम व द्वितीय तल पर कई जगह बोर्ड खुले पड़े हैं। इनमें तार उलझे हुए हैं।
वहीं, जीने से दूसरी मंजिल पर जाने से पहले लोगों का सामना बिना टोटी के वाटर कूलर से होता है। कई महीनों से ये वाटर कूलर कबाड़ बना है। इस वाटर कूलर के इर्दगिर्द लोगों ने पीकदान बना लिया है।
वहीं, दूसरी मंजिल पर मनरेगा डीसी कार्यालय के पास लगा वाटर कूलर शोपीस लगा हुआ है। इससे पानी ही नहीं निकलता है। वाटर कूलर खराब पड़ा है। तीसरी मंजिल के एक कोने पर पानी की टंकी व वाटर कूलर का कबाड़ लगा हुआ है।
विकास भवन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं देखी जाएंगी। जो भी कमियां हैं उन्हें ठीक कराया जाएगा।-डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी औरैया