बिधूना। एक तेज रफ्तार वैन ने साइकिल सवार दो चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। दोनों अपने बाबा के घर से लौट रहे थे। सड़क पार करते समय दोनों हादसे का शिकार हो गए। उनकी साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। सीएचसी में घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
नौगवां गांव निवासी धीरेंद्र (14) अपने चचेरे भाई अभि (10) के साथ मंगलवार को साइकिल से स्कूल गया था। छुट्टी होने के बाद दोनों साइकिल से अपने बाबा राधेश्याम के मकान पर चले गए। वहां से दोनों गांव स्थित अपने घर लौट रहे थे।
सड़क पार करते समय रामगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार वैन ने पीछे से उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार धीरेंद्र व अभि घायल हो गए और साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। पुलिस ने वैन चालक को हिरासत में ले लिया है। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।