औरैया। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने निर्देश के बाद उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी है। यह टीम जिले के सभी आवेदक विद्यालयों में जाकर व्यवस्थाओं की जांच करेगी और निर्धारित मानकों के आधार पर केंद्रों का चयन करेगी। परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 30 दिसंबर तक जारी होनी है।
जिले के 284 विद्यालयों ने इस बार परीक्षा केंद्र बनने के लिए आवेदन किया है। पिछले वर्ष 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। आवेदन करने वालों में राजकीय, एडेड और वित्तविहीन सभी श्रेणियों के विद्यालय शामिल हैं। जिले में वर्तमान में 15 राजकीय, 60 एडेड एवं 221 वित्तविहीन विद्यालय संचालित हैं। जिले में इस बार 40 हजार से अधिक छात्र परीक्षा देंगे। जिले में इस बार यूपी बोर्ड परीक्षा देने वाले कुल छात्रों की संख्या 40 हजार के करीब पहुंच गई है। इसमें हाईस्कूल में 20,866 छात्र पंजीकृत हैं तो इंटरमीडिएट में 19,394 छात्रों का पंजीकरण है। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए परीक्षा केंद्र निर्धारण में सुरक्षा, बैठने की क्षमता, सीसीटीवी कैमरे, शौचालय जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
एसडीएम की अध्यक्षता वाली टीम प्रत्येक आवेदन करने वाले विद्यालय में जाकर यह जांच करेगी कि कक्षाओं की संख्या पर्याप्त है या नहीं। सीसीटीवी कैमरे और डिजिटल निगरानी की व्यवस्था कैसी है। बाउंड्रीवाल, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग, बिजली, पेयजल और शौचालय की स्थिति भी जांच जाएगी। इसके बाद केंद्र निर्धारण पर अंतिम निर्णय होगा।
जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इस बार परीक्षा केंद्र केवल उन्हीं विद्यालयों में बनाए जाएंगे, जहां सभी मानक पूरे और प्रमाणित होंगे। मानकों पर खरे न उतरने वाले विद्यालयों को सूची से बाहर किया जाएगा। आवेदन करने वाले स्कूलों में नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए स्टाफ व वातारण भी देखा जाएगा।