फोटो 11 एयूआरपी 03 घटना के बाद गांव में मौजूद पुलिस। संवाद
दिबियापुर। एक किशोर बिजली के खंभे में लगे अर्थिंग वायर में उतरे करंट की चपेट में आ गया। वो गोबर डालकर घर जा रहा था। हाथ में लिए तसले को साफ करने के लिए उसने बिजली के खंभे में मार दिया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पहुंचकर छानबीन की। उधर, बिजली विभाग के अधिकारी ने मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।
गांव गुलरिहा निवासी आनंद दुबे का 12 वर्षीय बेटा अनुभव गुरुवार सुबह करीब छह बजे घर से करीब 100 मीटर दूर गोबर डालने गया था। रास्ते में हाथ में लिए तसले को बिजली के खंभे में मार दिया। उसे खंभे में लगे आर्थिंग वायर में उतरा करंट लग गया। खंभे में उसे चिपका देख आसपास के लोग सकते में आ गए। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए और झुलसे किशोर को निजी अस्पताल ले गए।
हालत में सुधार न होने पर उसे चिचौली मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पाकर पर थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल की जांच कर परिजन से पूछताछ की। प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारी को घटना की जानकारी दी। अधिकारी ने जांच कर मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
पढ़ाई में कोई होनहार था अनुभव
मृतक किशोर दिबियापुर के बेला रोड पर स्थित मां दुर्गे स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। खेतीबाड़ी के साथ पिता आनंद दुबे गांव में आटा व तेल की चक्की लगाए हैं। अनुभव तीन भाई-बहन में छोटा था। वो पढ़ाई में काफी अच्छा था।