एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे खेत में गेहूं की फसल काटने के दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते तेज हवा के चलते आग फैलने लगी।
शोर मचाने पर ग्रामीणों मौके पर पहुंचे। बाद में आग पर काबू पा लिया गया। इससे पहले 50 बीघा फसल जल गई। बताया जा रहा है कि पास में गेहूं काट रहे थ्रेशर की चिंगारी से घटना हुई।
गांव किशनपुर में दोपहर खेत में गेहूं की थ्रेशिंग हो रही थी। इसी दौरान अचानक आग की लपटें देख पास में मौजूद किसानों के होश उड़ गए। जानकारी पर गांव बमुराहा, सुरैन्धा, चकमऊ, किशनपुर, एरवा टीकुर व नगला इमलिया के लोग मौके पर पहुंचे। किसानों ने फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले मिट्टी डालकर और खेतों के चारों ओर तीन ट्रैक्टरों से जुताई कर किसी तरह आग पर काबू पाया लेकिन तब तक 50 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
आग से गांव बमुराहा निवासी स्वामीदीन के दो बीघे, राजेश बाथम के दो बीघे, गांव किशनपुर निवासी राजपाल सिंह, वीरपाल सिंह, रविंद्र के पांच-पांच, सर्वेश के तीन, विन्द्रावती के आठ, संतोष के दो, हरिशंकर के तीन, गांव सुरैन्धा निवासी बादशाह का पांच, प्रताप सिंह के तीन, राजवीर के पांच बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर लेखपाल सुनील कुमार ने मौके पर पहुंच कर किसानों के हुए नुकसान का आकलन किया।