फफूंद। गांव दीदारपुर में घर के बाहर खेल रही एक डेढ़ साल बच्ची को एक लोडर ने कुचल दिया। खून से लथपथ बच्ची को देख परिजन उसे लेकर चिचौली मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
जहां इमरजेंसी में डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। अनहोनी से बच्ची की मां व अन्य परिजन बिलख पड़े। गांव दीदारपुर निवासी रामवीर नायक की डेढ़ साल की पुत्री प्रीति मंगलवार देर शाम बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी।
तभी गांव से निकले एक तेज रफ्तार लोडर ने बच्ची को चपेट में ले लिया। साथ खेल रहे अन्य बच्चों की चीख-पुकार सुन परिजन बाहर निकले तो देखा कि प्रीति खून से लथपथ है। परिजन उसे दिबियापुर ले गए। जहां मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। वहां बच्ची को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद चालक लोडर छोड़कर भाग निकला। बुधवार सुबह पिता रामवीर की सूचना पर पहुंची पुलिस लोडर को थाने ले गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
परिजनों ने बताया कि प्रीति के तीन भाई शिवम (13), शिवा (10), विकास (5) व दो बहनें हैं। थानाध्यक्ष जय प्रकाश पाल ने बताया कि लोडर को कब्जे में लिया गया है। चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।