फोटो-11- बेला रोड पर पटला पड़ा मिनी ट्रक। संवाद
- फोटो : 1
बिधूना। बेला मार्ग पर सोमवार देर रात एक बेकाबू मिनी ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मार्ग पर भूसा फैलने से घंटों आवागमन बाधित रहा।
गनीमत रही कि वाहन में सवार चालक व मजदूर बच गए। मंगलवार सुबह पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
सहार थाना क्षेत्र के गांव पुरवा रावत निवासी चांद अपना मिनी ट्रक में मध्य प्रदेश के उमरी गांव से भूसा लादकर कानपुर देहात स्थित कोतवाली रसूलाबाद के गांव चौथा मील जा रहा था। वाहन में चालक के साथ गांव के ही तीन मजदूर नीलू, शीलू और सोनू भी सवार थे। रात करीब 12 बजे मिनी ट्रक बेला रोड स्थित गांव कीरतपुर के पास बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराया। इसके बाद सड़क के बीचों-बीच पलट गया।
हादसे के बाद सड़क पर भूसा फैल गया और ट्रक के पलटने से रास्ता जाम हो गया। सूचना मिलते ही बदनपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मंगलवार सुबह करीब छह बजे मशक्कत के बाद मिनी ट्रक को सड़क से हटवाया जा सका, जिसके बाद राहगीरों को राहत मिली।
चौकी प्रभारी अलकेश कुमार ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।