कंचौसी। डीएफसी ट्रैक पर सोमवार को कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी सिग्नल न मिलने से कंचौसी रेलवे स्टेशन और रेलवे क्रॉसिंग पर करीब 40 मिनट तक खड़ी रही। इससे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया।
डीएफसी ट्रैक पर कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी कंचौसी रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी। करीब साढ़े 10 बजे रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचते ही सिग्नल न मिलने की वजह से मालगाड़ी खड़ी हो गई। इस कारण से देखते ही देखते औरैया लहरापुर मार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। करीब 40 मिनट तक मालगाड़ी क्रॉसिंग पर रुकी रही।
सिग्नल मिलने पर मालगाड़ी कानपुर की ओर रवाना हुई। क्रॉसिंग खुलने के इंतजार में लोग तेज धूप के बीच छांव तलाशते नजर आए। मालगाड़ी के जाने के बाद लोगों को जाने की जल्दबाजी देखने को मिली। इससे जाम भी लगा।
मौके पर पहुंची रेलवे कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर ट्रैफिक बहाल कराया। न्यू कंचौसी स्टेशन अधीक्षक किशन कुमार ने बताया कि आगे मालगाड़ी होने के कारण सिग्नल नहीं मिल सका था इसलिए पीछे से आई मालगाड़ी को रोका गया था।
ब्लॉक के चलते महानंदा एक्सप्रेस रोकी
अछल्दा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर सोमवार दोपहर रेलवे कार्य के कारण ब्लॉक लगाया गया। इस ब्लॉक के चलते एक एक्सप्रेस ट्रेन को रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। साथ ही मरम्मत कार्य के कारण एक रेलवे क्राॅसिंग भी बंद रही, इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसके चलते इटावा से कानपुर की ओर जा रही महानंदा एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर दो पर रोका गया। ट्रेन दोपहर लगभग 1:29 बजे पर खड़ी हुई। यात्रियों को इस अचानक ठहराव से काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगभग 20 मिनट के ब्लॉक के बाद महानंदा एक्सप्रेस को 1:50 बजे रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया। (संवाद)
-
रेलवे क्राॅसिंग पर हुआ मरम्मत कार्य
इसी दौरान रेलवे क्राॅसिंग 13 बी पर मरम्मत का कार्य भी चल रहा था। मरम्मत कार्य के लिए क्राॅसिंग पर दोनों तरफ इमरजेंसी बूम लगाए गए थे। इस कार्य के चलते रेलवे क्राॅसिंग लगभग 25 मिनट तक बंद रही। क्राॅसिंग बंद होने के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ा।
फोटो-15- क्रॉसिंग पर खड़ी मालगाड़ी। संवाद
फोटो-15- क्रॉसिंग पर खड़ी मालगाड़ी। संवाद