कंचौसी (औरैया)। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग के कंचौसी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मौरंग लदा एक डंपर बीच रेलवे ट्रैक पर अचानक खराब होकर खड़ा हो गया।
इसके चलते वाराणसी से दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को रोकना पड़ा। डीएफसी ट्रैक पर मालगाड़ी और मेन लाइन पर मेमू पैसेंजर को भी काफी देर तक आउटर पर इंतजार करना पड़ा।
बुधवार सुबह करीब 10 बजे औरैया से रसूलाबाद की ओर जा रहा एक मौरंग लदा डंपर कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था। जैसे ही डंपर ट्रैक के बीचों-बीच पहुंचा, वह अचानक बंद हो गया। चालक ने डंपर स्टार्ट करने की काफी प्रयास किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। इसी दौरान डीएफसी ट्रैक पर कानपुर की ओर से आ रही मालगाड़ी का सिग्नल हो गया। गेटमैन ने जब क्रॉसिंग बंद करने का प्रयास किया, तो डंपर बीच में होने के कारण गेट बंद नहीं हो सका।
डंपर खराब होने की सूचना मिलते ही स्टेशन प्रशासन में खलबली मच गई। सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों को होम सिग्नल और आउटर पर ही रोक दिया गया। वीआईपी ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस को करीब पांच मिनट तक खड़ा रहना पड़ा। वहीं, टूंडला-कानपुर मेमू पैसेंजर और डीएफसी ट्रैक की मालगाड़ी करीब आधे घंटे तक आउटर पर खड़ी रही।
स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने तत्काल रेलकर्मियों को मौके पर भेजा। काफी मशक्कत के बाद एक दूसरे ट्रक को बुलाकर रस्से से खींचकर खराब डंपर को ट्रैक से हटवाया गया। ट्रैक साफ होने के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली और ट्रेनों को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
उन्होंने बताया कि ट्रैक के बीच डंपर खराब होने की वजह से सुरक्षा कारणों से ट्रेनों को आउटर पर रोका गया था। डंपर हटते ही रेल यातायात सामान्य कर दिया गया है।
फोटो-1-रेलवे क्रासिंग पर बीच में खड़ा खराब डंपर। संवाद- फोटो : सांकेतिक