फोटो-3-धमाके से क्षतिग्रस्त हुई दीवार। संवाद
एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के गांव कुकरकाट में सोमवार देर रात सामान में आग लगने के बाद घर में रखा गैस सिलिंडर धमाके के साथ फट गया।
हादसे में कमरे की दीवार ढह गई और दरवाजों के परखच्चे उड़ गए, यहां तक कि लिंटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण पूरा परिवार घर के बाहर सो रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा बच गया।
गांव कुकरकाट निवासी जोर सिंह यादव सोमवार की रात अपने परिवार के साथ घर के बाहर चबूतरे पर नीम के पेड़ के नीचे सो रहे थे। रात करीब 12 बजे घर के पिछले हिस्से में बने कमरे में रखा गैस सिलिंडर अचानक जोरदार धमाके साथ फट गया। सिलिंडर के टुकड़े लिंटर और दीवारों को चीरते हुए कई मीटर दूर जा गिरे। कमरे की पश्चिमी दीवार ढह गई, जबकि दो दरवाजे मलबे और आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए।
जोर सिंह यादव ने बताया कि उनकी पत्नी रमायनश्री के नाम पर उज्ज्वला योजना के तहत उमरैन स्थित भारत गैस एजेंसी का कनेक्शन है। वह बीते 17 मई को ही एजेंसी से भरा और सील बंद सिलिंडर लेकर आए थे। इसे अभी तक इस्तेमाल भी नहीं किया गया था। सोमवार शाम को चूल्हे पर खाना बनाने के बाद जोर सिंह, उनकी पत्नी रमायनश्री, नातिन खुशबू व सुनैना, नाती कृष्णा और साले छोटेलाल बिजली न आने के कारण बाहर सो गए थे।
आशंका है कि रात में किसी तरह चूल्हे की चिंगारी से सामान ने आग पकड़ ली। इससे पास ही रखा सिलिंडर भी आग की चपेट में आ गया। इसके कारण वह तेज धमाके के साथ फट गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी। आग पर काबू पा लिया गया है। तहसील प्रशासन को हादसे की जानकारी दी गई है।