अछल्दा। जमीन के विवाद में जानलेवा हमला करने के मामले में रिमांड पर लाए गए मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से तमंचा व खोखा बरामद किया है। छानबीन के बाद आरोपी को दोबारा जेल भेज दिया।
गांव भीखेपुर के राजीव कुमार ने 15 जुलाई को पुलिस को बताया था कि जमीन के विवाद के दौरान उनके भतीजे को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पुष्पेंद्र यादव, जीतू यादव, गुल्ले यादव और सनी यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने 18 जुलाई को नामजद आरोपी सनी यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र यादव लगातार फरार चल रहा था, जिसने 31 जुलाई को न्यायालय में समर्पण कर दिया था।
थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि साक्ष्य जुटाने और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए मंगलवार को आरोपी पुष्पेंद्र को रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर बजरंग पुलिया के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे व सर्विस रोड के बीच झाड़ियों में छिपाकर रखा गया तमंचा और खोखा बरामद किया गया। बाद में उसे इटावा जेल भेज दिया गया।