औरैया। ग्रामीण क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। वीपी मार्ग से गुमानी का पुरवा तक करीब 300 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। लगभग 13 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। लोक निर्माण विभाग यह कार्य कराएगा। सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह संपर्क मार्ग गुमानी का पुरवा के अलावा देवरपुर, झावर का पुरवा और आसपास की अन्य छोटी बस्तियों को मुख्य वीपी मार्ग से जोड़ता है। इन गांवों की करीब तीन हजार की आबादी सैकड़ों परिवारों में फैली है जिनकी आजीविका मुख्य रूप से कृषि, पशुपालन और दिहाड़ी मजदूरी पर आधारित है। अब तक सड़क कच्ची और जर्जर होने के कारण ग्रामीणों को विशेषकर बरसात के मौसम में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कीचड़ और जलभराव के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता था। कई बार स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को पैदल ही फिसलन भरे रास्ते से गुजरना पड़ता था।
सीसी सड़क बनने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। फसल की ढुलाई के दौरान होने वाली परेशानी और अतिरिक्त लागत में कमी आएगी। वहीं छात्र-छात्राओं को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में सुरक्षित मार्ग मिलेगा। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन सीधे गांव तक पहुंच सकेंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। टेंडरिंग प्रक्रिया कराई जा रही है। जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।