बिधूना। दिबियापुर में शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे लोगों की कार डंपर का कट लगने के बाद विद्युत पोल से टकरा गई। इससे दो पोल टूट गए और 20 गांवों की बिजली गुल हो गई।
वहीं, कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार में बैठा परिवार बाल-बाल बच गया। विद्युत विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम आपूर्ति बहाल कराई।
कुदरकोट कस्बा निवासी अमित कुमार ने बताया कि वह भाई, भाभी व बच्चों के साथ दिबियापुर शादी शामिल होकर रात को घर कुदरकोट जा रहे थे। बिधूना-रामगढ़ मार्ग पर रावतपुर गांव के पास भट्ठे के समीप रात करीब तीन बजे सामने से आ रहे एक डंपर ने कार को कट मार दिया। कार चालक भाई आदेश कुमार ने बचाव का प्रयास किया तो कार सड़क किनारे लगे डबल विद्युत पोल से टकरा गई और विद्युत पोल टूट गया।
उन्होंने बताया कि कार में आदेश कुमार, उनकी पत्नी प्रियंका, आदेश के पुत्र रानू (12) व भानू (14) व रिंकी सवार थीं। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ और सभी बाल-बाल बच गए। भानू के सिर में हल्की चोट लगी है। कार क्षतिग्रस्त होकर खाई की ओर जा गिरी। सुबह क्रेन से वाहन को बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता महेंद्र प्रसाद ने बताया कि पोल टूटने से रामदास पूर्व फीडर की आपूर्ति रात से बाधित रही। इसमें रामदास पुरवा, सुंदरपुर, कल्याणपुर, जागूपुर, पुर्वा मुले, नकी कटरा, खरकपुर समेत 20 गांवों की आपूर्ति प्रभावित हुई। देर शाम तक पोल बदलकर बिजली चालू कर दी गई। कार चालक ने पोल सही कराने की बात कही गई है, इसलिए फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।