औरैया। सदर कोतवाली के क्षेत्र के फरीदपुर गांव के समीप सेंगन नदी में मंगलवार सुबह एक बालक नहाते समय डूब गया। तेज बहाव के बीच वह बह गया। साथ नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े।
किसी तरह बालक को नदी से बाहर निकाला गया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने बालक को मृत घोषित कर दिया। गांव फरीदपुर निवासी सतीश कुमार का आठ वर्षीय पुत्र दीपांशु कक्षा दो का छात्र था। गर्मी की छुट्टी होने पर मंगलवार सुबह वह अपने दोस्तों के साथ सेंगन नदी में नहाने गया था। बच्चे नहा रहे थे, इसी बीच दीपांशु नदी में डूब गया।
विज्ञापन
दीपांशु को न देख बच्चों ने शोर मचाया। आसपास के खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण वहां पहुंचे। बच्चे के डूबने की जानकारी होने पर पिता सतीश व मां अल्का भी रोते-बिलखते नदी किनारे पहुंचे।
नदी में कुछ देर की खोजबीन के बाद दीपांशु को बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन उसे लेकर शहर के जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टर ने दीपांशु को मृत घोषित कर दिया। सदर कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि सेंगन नदी में नहाते समय बालक डूब गया था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।