बिधूना (औरैया)। सोशल मीडिया पर दोस्ती करना बिहार के एक युवक को भारी पड़ गया। सूरत में नौकरी करने वाला युवक सोशल मीडिया पर चार साल पहले युवती के संपर्क में आया था।
युवती से मिलने के लिए वह बिधूना के एक गांव पहुंच गया। वहां युवती के परिजनों ने उसे पकड़कर पीटा, इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। बिहार के दरभंगा जनपद के अलवरगंज बिशनपुर थाना नारायण मिथिला विश्वविद्यालय निवासी मोहम्मद रियाज सूरत में प्राइवेट नौकरी करता था।
सोशल मीडिया पर बिधूना के एक गांव की एक युवती से उसकी पहचान हुई। उसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। युवक ने पुलिस को बताया कि युवती दिल्ली में रहती थी, रक्षाबंधन पर गांव गई थी। जहां उसने मिलने के लिए बुलाया था।
रविवार देर शाम मोहम्मद रियाज युवती से मिलने गांव पहुंचा। तभी युवती के परिजनों को भनक लग गई। युवक के गांव पहुंचते ही उसे पकड़ लिया और पीटकर पुलिस को सौंप दिया।
बदनपुर चौकी इंचार्ज अलकेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के बाद युवक को हिरासत में ले लिया। कोतवाल मुकेश बाबू ने बताया कि युवक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।