औरैया। शनिवार को जिलाधिकारी ने मोहल्ला नारायनपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बरसात का पानी सड़कों पर भरने और नालियों में कीचड़ देखकर डीएम जीएस नवीन कुमार का पारा चढ़ गया। जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अवर अभियंता और सफाई निरीक्षक का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
मोहल्ला नारायनपुर में निर्माणाधीन नालों का जिलाधिकारी जीएस नवीन कुमार ने जायजा लिया। निर्माण कार्य की धीमी गति और 17 जून को किए निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों को अब तक पूरा नहीं कराने पर जिलाधिकारी खासे नाराज हुए। निर्देशों का अनुपालन न करने और संतोषजनक उत्तर न देने पर डीएम ने नगर पालिका के अवर अभियंता केके यादव का वेतन रोकने का आदेश दिया। मोहल्ले की अन्य गलियों के निरीक्षण के दौरान नालियों में कीचड़ और जलभराव देखकर डीएम ने कार्य में शिथिलता बरतने पर सफाई निरीक्षक रामबहादुर पटेल का भी वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी/डिप्टी कलेकटर अनिल त्रिपाठी को मोहल्ले की व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।