औरैया। दयालपुर चौराहे पर ओवर ब्रिज बनवाए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को दर्जनों लोग जिलाधिकारी के आवास पहुंचे। डीएम के न होने पर कार्यालय में पत्रक देकर ओवर ब्रिज का निर्माण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बताया कि ओवर ब्रिज बनने से मार्ग दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आएगी।
शिकायती पत्र में लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग अब सिक्स वे होने जा रहा है। प्रोजेक्ट मैनेजर पी शिवशंकर ने जालौन और खानपुर चौराहे पर ओवर ब्रिज निर्माण का निर्णय लिया है। प्रमुख चौराहे दयालपुर पर ओवर ब्रिज नहीं बनाया जा रहा है, जबकि सर्वाधिक घटनाएं इसी चौराहे पर होती हैं। इस चौराहे से होकर दयालपुर, बदनपुर, जरुहौलिया, पुरुषोत्तमपुर, मड़ैया नंदगाव, क्योटरा, मढ़ापुर, भदौरा, बछाटी सहित 15 गांवों के लोग गुजरते हैं।
शिकायती देने वालों में अरविंद कुमार, सौरभ कुमार, विपिन तिवारी, आशीष मिश्रा, शशांक मिश्रा आदि ने बताया कि अगर दयालपुर चौराहे पर ओवर ब्रिज का निर्माण नहीं किया जाता है तो वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वह सिक्स लाइन बनने में बाधा भी उत्पन्न करेंगे। इस मौके पर विष्णु स्वरूप, ओमजी मिश्रा, मनोज मिश्रा, प्रेम चंद्र, रविशंकर, राकेश बाजपेई, राजेश बाबू, मनोज, सतीश आदि मौजूद थे।