दिबियापुर (औरैया)। विवेकानंद महाविद्यालय में यातायात माह के तहत विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए गोष्ठी की गई। गोष्ठी में यातायात संबंधी नियमों की जानकारी दी गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवराज सिंह ने कहा कि चालक को सदैव संतुलित गति से वाहन चलाना चाहिए। सिग्नल का पालन और वाहन के सभी कागजात साथ में रखने की सलाह दी। यातायात प्रभारी केडी यादव ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से सुरक्षित यात्रा के साथ दूसरों की सुरक्षा भी संभव है। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग और नशा कतई न करें। कार में हमेशा सीट बेल्ट के प्रयोग से जीवन सुरक्षित रहता है। प्राचार्य डा.डीपी सिंह, डा.इफ्तिखार हसन, प्रोफेसर इकरार अहमद, डा.महेंद्र तिवारी, डा.राकेश तिवारी, प्रोफेसर हर्षवर्द्धन अग्रवाल, डा.संदीप ओमर, डा.भूपेंद्र सिंह चौहान, डा.विवेक दुबे मौजूद रहे।
बिधूना। पब्लिक इंटर कालेज में कार्यक्रम प्रभारी केडी यादव ने बच्चों को यातायात के नियमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वाहनों के चलाने में नियमों का पालन करें।
पब्लिक इंटर कालेज में यातायात माह के तहत हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर कार्यक्रम प्रभारी केडी यादव ने कहा कि बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन कतई न चलाएं। साथ ही गलत ढंग से ओवरटेक करने का प्रयास न करें। रात में ड्राइविंग करते समय डिपर देने और सामने से आ रहे वाहन के सिग्नल को समझें। वाहन टर्न करते समय दाएं और बाएं से आने वाले वाहनों का विशेष ध्यान रखें। चौपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें। उन्हाेंने छात्रों से सीधा संवाद किया और यातायात के बारे में पूछा। जिस पर छात्रों ने सही और सटीक उत्तर दिया। युवा पीढ़ी यातायात नियमों का सही तरह से पालन करेगी। कार्यक्रम में सीओ औरैया शिवराज सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी बिधूना राजीव कुमार, जिला पंचायत सदस्य एवं पीडीसी की प्रबंधक रचना सिंह, प्राचार्य अप्रवल सिंह उपस्थित रहे।