कंचौसी (औरैया)। कंचौसी के पास बन रहे रेल फ्रेट कोरीडोर में उचित मुआवजा नहीं मिलने और नाला निर्माण नहीं होने के मामले पर मंगलवार को रेल कारीडोर की टीम ग्रामीणों को मनाने पहुंची। ग्रामीणों को मनाने के प्रयास किए गए लेकिन टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। मालूम हो कि इस मामले पर सोमवार को किसानों अधिकारियों का घेराव किया था। इससे बीते रोज भी काम बंद रहा और मंगलवार को भी कोई काम नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं हुई तो काम नहीं होने दिया जाएगा।
सोमवार को रेलवे फ्रे ट कोरीडोर परियोजना पर काम बंद कराने को लेकर किसानों व परियोजना से जुड़े अधिकारी एमके सारस्वत व सीएस सारंग के बीच वार्ता का दौर चला था लेकिन मामला फुस्स हो गया। मंगलवार को रेलवे फ्रेट कोरीडोर साइट पर पहुंचे प्रोजेक्ट मैनेजर अनुराग श्रीवास्तव, लाखन लाल पांडेय सहित छह सदस्यीय टीम के लोगों ने नक्शे में शामिल परजनी तक पांच किलोमीटर लंबे बरसाती नाले को बनाने, किसानों की भूमि का फिर से क्षेत्रीय राजस्व टीम से सीमांकन कराने के भी आदेश दिए। इसके बाद भी किसान राघवेंद्र प्रताप सिंह यादव, शिव सिंह, अरविंद, रमेश पाल, रामभरोसे, परमोली ने उचित मुआवजा नहीं दिए जाने व उनकी मांगों को पूरा नहीं होने तक काम न शुुरू होने की चेतावनी दी। मौके पर मौजूद प्रोजेक्ट मैनेजर अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि किसानों की मांग का उचित निराकरण कर शीघ्र कराकर काम शुुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।