फफूंद (औरैया)। भाग्यनगर ब्लाक के परिषदीय विद्यालयों में मिडडे मील की गुणवत्ता पर उठ रहे सवालों के बाद सीडीओ के निर्देश पर शनिवार को इसकी जांच करने पहुंचे ईओ नगर पंचायत को खामियां ही खामियां मिलीं। विद्यालयों में निर्धारित मेन्यू के आधार पर मिडडे मील नहीं मिला। विद्यालयों में पंजीकृत छात्र संख्या के सापेक्ष उपस्थिति भी कम मिली।
प्राथमिक विद्यालय जुआ के निरीक्षण में ईओ अजय कुमार सचान को पंजीकृत 133 बच्चों के सापेक्ष मात्र 72 बच्चे ही मिले। जिस पर ईओ ने एमडीएम के रजिस्टर पर बच्चों की संख्या लिखकर शिकायत भी दर्ज की। वहीं पूर्व माध्यमिक विद्यालय जुआ में ईओ को पंजीकृत 98 बच्चों के सापेक्ष 60 बच्चे मिले। यहां मिडडे मील में निर्धारित मेन्यू के आधार पर बच्चों को खाना नहीं दिया गया था। इसके बाद ईओ प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर रामू पहुंचे। यहां सहायक अध्यापक अनिल कुमार सिंह पढ़ाते मिले। मिडडे मील का रजिस्टर मांगने पर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानाध्यापक सुधा दुबे के पास रजिस्टर रहता है। वह बिना अवकाश की सूचना के नहीं आईं थीं। मेन्यू के अनुसार शनिवार को बच्चों को सब्जी चावल दिया जाना था लेकिन ईओ को बच्चे कढ़ी चावल खाते मिले। बच्चों ने ईओ को बताया कि विद्यालय में सब्जी कभी नहीं बनती है। पंजीकृत 111 बच्चाें के सापेक्ष 53 बच्चे ही मिले। वहीं प्राथमिक विद्यालय मुडैना रामदत्त में 90 बच्चाें की जगह 40 बच्चे थे। पूर्व माध्यमिक विद्यालय में भी बच्चाें की उपस्थिति खराब थी। ईओ ने विद्यालयों में बच्चों से राष्ट्रपति का नाम पूछा तो बच्चों ने नरेंद्र मोदी का नाम लिया। इस संदर्भ में ईओ नगर पंचायत, फफूंद अजय कुमार सचान ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में जांच के दौरान पता चला कि बच्चों को मेन्यू के आधार पर खाना नहीं दिया जा रहा है। कुछ स्कूलों में सैंपल तो बढ़िया दिखाया गया लेकिन खाना दोयम दर्जे का परोसा जा रहा था। उक्त जांच निरीक्षण की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जाएगी।