- 1 घंटे तक जहां की तहां खड़ी रहीं ट्रेनें, 5 घंटे तक काशन देकर गुजारा गया
अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर (औरैया)। दिल्ली हावड़ा रूट स्थित फफूंद रेलवे स्टेशन पर गुरुवार देर रात सिग्नल केबल जल गईं। इससे एक घंटे तक दिल्ली हावड़ा अप एवं डाउन रेलमार्ग पूरी तरह ठप रहा। अगले 5 घंटे तक सभी ट्रेनों को काशन देकर गुजारा गया। शुक्रवार शाम सवा पांच बजे सिग्नल केबल बदलने के बाद रेल यातायात पूरी तरह बहाल हो सका।
फफूंद रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात करीब नौ बजे अप एवं डाउन ट्रैक की सिग्नल प्रणाली जलने से ठप हो गई। इसके चलते अप एवं डाउन मार्ग की ट्रेनें जहां की तहां फफूंद और पीछे के स्टेशनों पर खड़ी हो गईं। इससे रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्टेशन अधीक्षक आरसी त्रिपाठी, आरपीएफ थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार, जीआरपी चौकी इंचार्ज शिवप्रसाद आदि ने पड़ताल की तो पता चला कि रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन के नजदीक नाले में पड़े कूड़े में आग लगने से ऊपर से गुजरी सिग्नल केबलें जल गईं। आनन फानन रेल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस बीच तकरीबन एक घंटे तक अप एवं डाउन रेलमार्ग की ट्रेनें जहां की तहां खड़ी रहीं। सिग्नल केबलों के तुरंत दुरुस्त न होने की संभावना के चलते राजधानी, फरक्का, बरौनी, वैशाली, प्रयागराज, शिवगंगा, संपूर्ण क्रांति समेत नानस्टाप एवं फफूंद में रुकने वाली ट्रेनों को काशन देकर रवाना किया गया। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे वैकल्पिक इंतजाम करके सिग्नल बक्सों से तार बिछाकर थ्रू मेन लाइन की सिग्नल प्रणाली दुरुस्त कर ली गई। मेन थ्रू लाइन की सिग्नल प्रणाली दुरुस्त होने के बाद सभी ट्रेनें मेन लाइन से ही गुजारीं जातीं रहीं। सिग्नल विभाग के सीनियर डीएसटी नीरज यादव, एडीएसटी विवेक ने भी केबल बदले जाने की प्रक्रिया का जायजा लिया। स्टेशन अधीक्षक आरसी त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार शाम अप और डाउन रेलमार्ग की सिग्नल प्रणाली दुरुस्त कर ली गई।