- नकदी, जेवरात समेत करीब पांच लाख का माल पार
- बाउंड्री फांदकर घुसे चोर, घटना के समय सोते रहे परिजन
अमर उजाला ब्यूरो
अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अशोक नगर में शनिवार रात चोरों ने एक घर में घुसकर नकदी जेवरात सहित लाखों का माल पार कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। मामले की जांच की जा रही है।
कसबे के मोहल्ला अशोक नगर-बाबरपुर निवासी पुरुषोत्तम सिंह कुशवाहा पुत्र स्व.राजाराम शनिवार रात परिवार सहित घर की छत पर सो रहे थे। देर रात चोर बाउंड्री फांदकर उनके घर में घुसे और कमरे में रखी अलमारी से जेवरात, एक सूटकेस, दो बैग, मोबाइल और नकद 23 हजार रुपये सहित करीब पांच लाख का सामान लेकर भागने लगे। इस बीच खटपट की आवाज सुनकर आंगन में सो रही गृहस्वामी की मां जाग गईं। उन्होंने कमरे का दरवाजा खुला देखा तो अन्य परिजनों को छत से बुलाया। गृहस्वामी पुरुषोत्तम ने कमरे में जाकर देखा तो सारा सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली थी। यह देखकर उनके होश उड़ गए। तब तक चोर मुख्य दरवाजे की कुंडी बंद कर भाग चुके थे। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे इंचार्ज चंद्रिका प्रसाद ने लोगों से पूछताछ की।
इंसेट
तालाब किनारे मिला खाली सूटकेस
अजीतमल (औरैया)। पुरुषोत्तम के घर चोरी की घटना के बाद चोर गांव के बाहर तालाब किनारे खाली सूटकेस छोड़ गए। रविवार सुबह जब ग्रामीण उधर से गुजरे तो उन्होंने सूटकेस देखकर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पुरुषोत्तम को मौके पर बुलाया तो उसने सूटकेस की पहचान की।
अब कैसे होगी शादी!
तीन माह बाद पुरुषोत्तम और उसकी छोटी बहन की शादी होनी थी। उक्त शादियों के लिए घर में जेवरात और अन्य सामान रखा था। चोरी के बाद पुरुषोत्तम की मां ने कहा कि अब कुछ भी नहीं बचा है। बेटे और बेटी की शादी अब कैसे होगी, ये सोचकर उनकी आंखें भर आईं।