औरैया। होली को लेकर सोमवार को कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाने की अपील की गई। जनता से सावधानी बरतने की बात कही गई। विद्युत अधिशासी अभियंता को विद्युत व्यवस्था सुधारे जाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में उप जिलाधिकारी जितेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि होली शांति से मनाएं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह बच्चों को सावधानी के साथ वाहन चलाने की हिदायत दें। नशा न करें और गुलाल का प्रयोग करें। क्षेत्राधिकारी सदर अमित कुमार राय ने कहा कि त्यौहार में रंग में भंग डालने वालों को चिह्नित कर लिया गया है। अराजकता होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। होली वाले दिन पुलिस प्रशासन सतर्क रहेगा। बैठक में मौजूद लोगोें ने होली वाले दिन बिजली संकट होने की समस्या बताई तो एसडीएम सदर ने अधिशासी अभियंता से खासतौर से होली पर अच्छी आपूर्ति करने को कहा। मौके पर कोतवाली प्रभारी बृजमोहन वर्मा व गणमान्य नागरिक मनोज कुशवाहा, नजामुदीन, अरविंद कुमार, अनीस खां समेत पचास लोग मौजूद रहे।
वहीं बीजलपुर प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार को अयाना थाने में भी पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें एसडीएम अजीतमल बृजपाल सिंह ने कहा कि रासायनिक रंग का प्रयोग न करें। उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए कस्बावासियों से वोट बनवाने की अपील की। कहा कि जिसके अभी तक वोट न बने हों तो वह क्षेत्रीय बीएलओ से संपर्क कर वोट बनवाएं। बैठक के दौरान विशंभर सिंह चौहान, धर्मेंद्र कुशवाहा, प्रदीप चौहाल, शैलेंद्र गुर्जर, लोकेंद्र सिंह सेंगर, मकसूद खां, होतीलाल, शिवकांती देवकांत दुबे, भोला कुमार, हरनारायन त्रिपाठी व राजू गुप्ता आदि मौजूद रहे।