औरैया। किसानों के साथ दुर्व्यवहार करना जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत सेहुद के लेखपाल को मंहगा पड़ गया है। मौजू के मजरा ग्राम कन्हई के पुरवा में राजकीय महिला पालीटेक्निक कालेज के निरीक्षण के दौरान सचिव महिला कल्याण कामिनी चौहान से शिकायत के बाद गुरुवार की देर शाम मौजे के लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही निलंबित लेखपाल को चेतावनी भी दी गई है कि शुक्रवार तक चार्ज न सौंपने पर उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी।
ग्राम कन्हई के पुरवा में राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कालेज के निरीक्षण के दौरान सचिव चौहान से किसानों की ओर से लेखपाल की गई शिकायत रंग लाई है। हालातों के आधार पर शिकायतों की पुष्टि करके सचिव ने जिलाधिकारी को संबंधित लेखपाल केशव कुमार के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने को निर्देशित किया था। सचिव के दौरा समाप्त होते ही डीएम एस राजलिंगम ने लेखपाल के कार्यों की पुष्टि कर किसानों की ओर से लगाए आरोपों के आधार पर एसडीएम सदर को ग्राम पंचायत सेहुद के लेखपाल केशव कुमार पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव ने भाग्य नगर ब्लाक में जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत सेहुद के लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन पत्र में एसडीएम श्रीवास्तव ने लेखपाल केशव कुमार पर क्षेत्र मुख्यालय पर न रहने, आदेशों का अनुपालन न करना और स्थानांतरण के बाद चार्ज न छोड़ने का आरोप लगाया है। इस संबंध में एसडीएम जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मौजा सेहुद के लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। आज शाम तक चार्ज न दने पर उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी जाएगी।