औरैया। निर्देशों के बाद भी जिले की विधान सभा निर्वाचक नामावलियों में पुरुष-महिला लिंगानुपात का अंतर कम न करना तीन बीएलओ को महंगा पड़ गया है। उप जिलाधिकारी/एडीएम ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण में लापरवाही बरतने पर तीन बीएलओ से जवाब तलब करने के साथ उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होने कहा इस संबंध में लापरवाही बरतने वाले बीएलओ के विरुद्ध अब अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आयोग के जेंडर रेशियों के प्रति गंभीर निर्देशों को संज्ञान में लेकर जिला निर्वाचन कार्यालय ने हाल ही में विधान सभावार बूथों का सत्यापन कराया था। इसमें वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रति एक हजार पुरुषों की तुलना में मतदाता सूची में 864 महिला मतदाता मिलने पर गंभीर चिंता जताई गई थी। विधान सभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों में महिलाओं की संख्या जनगणना के क्रम में लाए जाने के लिए आयोग के साथ जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथ लेविल अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए थे। बावजूद इसके निर्देशों को ताक पर रखकर जिले में पुनरीक्षण कार्य में जेंडर रेशियो पर ध्यान न देने पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बिधूना विधान सभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हिन्हापुर के बीएलओ अरविंद कुमार, औरैया(सुरक्षित) विधान सभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामनगर के बीएलओ वरुण कुमार व प्राथमिक विद्यालय कैथोली के बूथ लेविल अधिकारी वेद प्रकाश पर कार्रवाई की गई है। एडीएम श्री शर्मा ने तीनों बीएलओ से जवाबतलब कर उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। एडीएम ने बताया निर्वाचन की धारा 40 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य में लगे सभी बीएलओ को चेतावनी दी है जेंडर रेशियो के मौजूदा गैप को कम न करने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।