औरैया। रविवार तड़के कोतवाली पुलिस ने 10 टन गोमांस से भरा ट्रक पकड़ लिया। जबकि ट्रक चालक व परिचालक ट्रक छोड़कर जंगल की तरफ भाग गए। पुलिस ने बताया कि बर्फ की सिल्ली के बीच में गोमांस दबा हुआ था।
लगभग एक सप्ताह से कोतवाली पुलिस को मुखबिर द्वारा गोमांस के आने जाने की सूचना मिल रहीं थी। लेकिन जब तक कोतवाली पुलिस पहुंचती वे निकल जाते थे। रविवार सुबह मुखबिर की सूचना पर कोतवाली के एसआई सर्वेश सिंह ने फोर्स के साथ खानपुर से जालौन चौराहे तक घेराबंदी कर ली और गश्त करते रहे। रात के करीब एक बजे मंगलाकाली मंदिर के आगे से पुलिस को एक ट्रक आते दिखा। जब एसआई सर्वेश सिंह ने उसे रोका तो वह ट्रक तेज भगाने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो चालक-परिचालक ट्रक छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। कोतवाली पुलिस ने ट्रक को बरामद कर लिया है। इस अभियान में रवि यादव, दिलीप यादव, नजमुल, राहुल कुमार समेत पुलिस बल तैनात रहा। एसआई सर्वेश सिंह ने बताया कि ट्रक में बर्फ के बीच में लगभग दस टन गोमांस भरा था। कोतवाली में मामला पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है।