औरैया। चिरूहूली के पास बोलेरो सवार चार बदमाशों ने लिफ्ट देकर ग्रामीण से 50 हजार रुपए लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दोनों को गाड़ी से फेंक दिया। चोटिल ग्रामीणों ने शनिवार को कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र दिया है।
पीड़ित श्रीकांत पांडेय पुत्र शिवनाथ प्रसाद पांडेय निवासी विक्रमपुर निगड़ा ने कोतवाली में शिकायती पत्र दिया है। इसमें कहा है कि वह शुक्रवार को गांव के ही मो. हसन के साथ मुंगीपुर बाजार लेने जाने के लिए निकले। इसके लिए वे दोनों करमपुर स्टैंड पर गाड़ी का इंतजार कर रहे थे। तभी इटावा की ओर से आई एक बोलेरो उनके पास आकर रुकी। बोलेरो में चार लोग पहले से ही बैठे हुए थे। इन लोगाें ने मुंसीगापुर जाने की कहकर दोनों को गाड़ी में बैठा लिया। बताया कि इसके बाद कार सवाराें ने हाइवे रोड स्थित ग्राम चिरूहूली के पास उसकी जेब में रखे 50 हजार रुपए जेब काटकर निकाल लिए। काम करने के बाद उक्त लोगों ने दोनाें को धक्का मारकर कार से नीचे फेंक दिया। जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद कार सवार भाग गए।