औरैया। शहर के मुख्यमार्गों के डिवाइडर क्षतिग्रस्त पड़े हैं, लेकिन इनको दुरुस्त कराने को लेकर जिम्मेदारों ने कोई ध्यान नहीं दिया है। तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के कार्यकाल में लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये से शहर के मुख्यमार्गों के साथ डिवाडर का निर्माण कराया गया था।
इनको बने लंबा समय बीत चुका है लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग इनके जीर्णोद्धार के प्रति उदासीन बना हुआ है। शहर के सुभाष चौक से दिबियापुर, सुभाष चौक से यमुना रोड पर डिवाइडर कई जगह से वाहनों की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया है। डिवाइडर के क्षतिग्रस्त टुकड़े सड़क पर पड़े हैं। इससे किसी भी बड़े हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। ब्रह्ममनगर निवासी कल्लू निषाद का कहना है कि पिछले छह माह से डिवाइडर क्षतिग्रस्त पड़े हैं। इनका पुरसाहाल लेने वाला कोई नहीं है। उत्पल दुबे का कहना है कि क्षतिग्रस्त डिवाइडर के संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं हुई। इस संबंध में एई आरएस यादव का कहना है कि संबंधित जेई को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी और क्षतिग्रस्त डिवाइडरों को अविलंब दुरुस्त कराया जाएगा।
पिछले छह माह से डिवाइडर क्षतिग्रस्त पड़े
अमर उजाला ब्यूरो