औरैया। एक वाहन ने बाइक सवार दो परीक्षार्थियों को टक्कर मार दी। लोगों ने छात्रों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर घायल छात्रों के परिवारीजन अस्पताल पहुंचे।
गुरुवार की सुबह हाईस्कूल की प्रथम पाली में ग्राम राहतपुर स्थित चौधरी रघुनंदन सिंह इंटर कालेज में परीक्षा देकर बाइक से दो परीक्षार्थी आदित्य पाल पुत्र सोहन लाल निवासी बरमूपुर और कपिल पाल पुत्र अतर सिंह घर लौट रहे थे। सदर कोतवाली के अंतर्गत आने वाले कखावतू गांव के समीप बंबा के निकट पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला।
राहगीरों ने छात्रों को देख इसकी जानकारी एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से लोगों ने छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और इसकी जानकारी परिवारीजनों व कोतवाली पुलिस को दी। चिकित्सकों ने घायल छात्रों को कानपुर रेफर कर दिया। परिवारीजनों ने बताया कि आदित्य का कपिल चाचा है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी फोन पर मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही मामला दर्ज किया जाएगा। छात्र हेलमेट नहीं लगाए थे।
-चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला
अमर उजाला ब्यूरो