औरैया। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन में तेजी है। हालांकि इसके बाद भी फीडिंग का काम अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रहा है। जिले में एक लाख 80 हजार से अधिक किसान ऐसे हैं जो कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत हैं। इनकी कृषि योग्य भूमि दो हेक्टेयर से कम है। दस हजार किसानों का सत्यापन हो चुका है। प्रमुख सचिव ने 24 फरवरी तक प्रत्येक दशा में 50 फीसदी पात्र किसानों की फीडिंग कराने के दिशा निर्देश जारी किए हैं। तीनों तहसीलों के लेखपालों को सत्यापन जल्द करने को कहा गया है।
डीएम श्रीकांत मिश्रा ने सोमवार को ई डिस्ट्रिक्ट कार्यालय का निरीक्षण किया था। फीडिंग का काम अपेक्षित न होने पर नाराजगी व्यक्त की थी। कार्यालयों पर कंप्यूटर के साथ आपरेटरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए थे। माना जा रहा है कि इनकी कमी की वजह से ही फीडिंग का काम प्रभावित हो रहा है। मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने प्रदेश के सभी डीएम को जारी पत्र में कहा है कि प्रत्येक लाभार्थी किसान को छह हजार किसान को डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर के माध्यम से छह हजार रुपये दिया जाना है। 24 फरवरी तक 50 फीसदी लाभार्थी किसानों को प्रत्येक दिशा में लाभ देने के निर्देश हैं।
औरैया। योजना के तहत जिले के ज्यादा से ज्यादा किसानों को लाभान्वित करने के लिए प्रशासन तत्पर है। डीएम इस संबंध में जिम्मेदारों को निर्देश दे चुके हैं। औरैया, बिधूना तथा अजीतमल तहसीलों में लेखपालों को दो हेक्टेयर अथवा इससे कम के किसानों का सत्यापन कर अविलंब रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए जा चुके हैं। ई डिस्ट्रिक्ट कार्यालय, तहसील स्तर तथा उप कृषि निदेशक कार्यालय में किसानों की फीडिंग का काम चल रहा है। संसाधनों की कमी आड़े आने से फीडिंग का काम प्रभावित हो रहा है। उप निदेशक कृषि विजय कुमार ने बताया कि किसान प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना एक दिसंबर 2018 से लागू होनी है। जिले के एक लाख 80 हजार से ज्यादा किसान पोर्टल पर पंजीकृत हैं। जिनकी जमीन दो हेक्टेयर से कम हैं, जो किसान पंजीकृत नहीं है, उनके आंकड़े भूलेख विभाग द्वारा एकत्रित कर सत्यापन का काम तेजी से चल रहा है। दस हजार किसानों के सत्यापन के साथ फीडिंग का काम पूरा हो चुका है।
औरैया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत दो हेक्टेयर तक भूमि वाले छोटी जोत वाले किसानों को 6000 रुपये प्रति वर्ष की दर से प्रत्यक्ष आय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। यह आय सहायता 2000 रुपये प्रत्येक लाभार्थी किसान को तीन किस्तों मेें साल भर में सीधे खाते में डाली जाएगी। ऐसे किसान, जिनको हजार रुपये से ज्यादा की पेंशन मिल रही है अथवा सरकारी सेवा में कार्यरत हैं, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
-एक लाख 80 हजार से अधिक किसानों को मिलेगा योजना का लाभ
-प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के काम में फीडिंग जारी
अमर उजाला ब्यूरो