उरई। जिले में जल्द ही खनन के पट्टे ई-टेंडरिंग के माध्यम से कराकर मौरंग के घाटों को शुरू किया जाएगा, जिससे जिले में रुके विकास कार्यों में तेजी आएगी। यह बात खनन मंत्री अर्चना पांडे ने घंटाघर स्थित जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र पांडे के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने विरोधियों के आरोप को सिरे से नकार दिया कि सरकार ने खनन नीति बनाने में देरी की है, कहा कि सरकार ने खनन में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए कई ठोस कदम उठाए है। कोर्ट से भी हरी झंडी मिल गई है, जल्द ही जिले के सभी मौरंग घाट सुचारु रूप से चालू किए जाएंगे।
शहर के एसआर इंटर कालेज में सर्व समाज के सामूहिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची खनन मंत्री अर्चना पांडे ने जिले में कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने खनन विभाग को सिर्फ अपनी आय का जरिया बनाया था।
जबकि खनन से अगर भ्रष्टाचार को खत्म कर दिया जाता तो इस विभाग से प्रदेश की आय में काफी बढ़ोत्तरी हो जाती। इसी मंशा के साथ योगी सरकार ने खनन में ई-टेंडरिंग व्यवस्था को लागू किया है। इससे भ्रष्टाचार पूर्णता खत्म हो जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, कालपी विधायक नरेन्द्र सिंह, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र पांडे, महेश पांडे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भूतत्व एवं खनिकर्म राज्य मंत्री अर्चना पांडे बोलीं
अमर उजाला ब्यूरो