औरैया। कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी, पुरानी पेंशन बहाली मंच फिर से आंदोलन की ओर अग्रसर हो गई है। इसके लिए बनी भ्रमण टीम सात जनवरी को सुबह 10 बजे विकास भवन स्थित सभागार में एक बैठक करेगी।
संयोजक सुरेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारी, शिक्षक व अधिकारियों ने 25 अक्तूबर 2018 से आंदोलन का आह्वान किया था। इसी बीच मुख्यमंत्री की ओर से गठित की गई समिति से दो माह में संस्तुति देने की बात कही गई थी। लेकिन समिति की ओर से पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कोई रुचि न लिए जाने के कारण मंच ने विभिन्न संगठनों के साथ बैठक कर आंदोलन करने का निर्णय लिया।
जिलों में जनजागरण के लिए प्रांतीय पदाधिकारियों की भ्रमण टीम गठित की गई है। उन्होंने बताया कि औरैया जिले में प्रांतीय भ्रमण टीम की ओर से सात जनवरी को सुबह 10 बजे विकास भवन स्थित सभाकक्ष में बैठक की जाएगी। उन्होंने जिले में मंच से जुड़े सभी पदाधिकारियों व सदस्यों के अलावा सहयोगी संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों से बैठक में शामिल होने की अपील की है।
-जनजागरण के लिए गठित की गई प्रांतीय पदाधिकारियों की टीम
अमर उजाला ब्यूरो