अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। जिले में गुरुवार दोपहर बाद अचानक बीएसक्यू खराब हो जाने से बीएसएनएल ब्राड बैंड सेवा ठप हो गई। जिले की अधिकतर बैंकों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। अन्य नेटवर्क भी बाधित रहा। इस कारण न तो नेट सही से चल सका और न ही लोगों की मोबाइल पर बात हो सकी। वहीं देरशाम तक सेवाएं बाधित होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरुवार की दोपहर 11.00 बजे के बाद बीएसक्यू खराब हो जाने के कारण जिलेभर की बीएसएनएल सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई। नेटवर्किंग सिस्टम में खराबी हो जाने के कारण ब्राडबैंड के अलावा बीएसएनएल के मोबाइल शोपीस बने नजर आए। नेटवर्क में गड़बड़ी के चलते लोग अन्य सुविधाओं के जरिए अपना काम निपटाते नजर आए।
वहीं, गुरुवार को बीएसएनएल सेवाएं ठप रहने से जिलेभर की बैंकों में कामकाज प्रभावित रहा। बैंक कर्मचारी नेटवर्क आने के चक्कर में घंटों बैठे रहे। देर शाम तक नेटवर्क दुुरुस्त न होने से काम पूरी तरह से प्रभावित दिखा। शहर की बैंक आफ बड़ौदा, स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक समेत जिलेभर के बैंकों में उपभोक्ताओं की भीड़ लगी रही।
इस संबंध में प्रभारी एसडीओ शिवदत्त पाल ने बताया कि नेटवर्क सेवा को जोड़ने वाला बीएसक्यू खराब हो जाने के कारण गुरुवार को बीएसएनएल सेवाएं ठप हो गई हैं। उन्हें सुधारे जाने का प्रयास जारी है।