संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। मंगलवार को ब्लाॅक स्तरीय रोजगार मेला एरवाकटरा परिसर में आयोजित हुआ। इसमें 68 युवक-युवतियों को रोजगार के लिए चयनित किया गया। इस दौरान रोजगार मिलने पर युवक-युवतियों के चेहरों पर रौनक दिखाई दी।
इस अवसर पर कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। दीनदयाल उपाध्याय-ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, सेवायोजन और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के संयोजकत्व में आयोजित रोजगार मेला का आयोजन किया गया। शुभारंभ ब्लाॅक प्रमुख एरवाकटरा प्रतिनिधि श्रीप्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जिला कौशल प्रबंधक अतुल सिंह ने बताया कि रोजगार में 165 युवाओं ने प्रतिभाग किया था। इस दौरान आगरा, कानपुर, कन्नौज और औरैया से आंई पांच कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सभी का साक्षात्कार लिया। इसमें 68 युवक-युवतियों को रोजगार के लिए चयनित किया गया।
बताया कि कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम को जिला समन्वयक संजीव कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रमोद कुमार आदि ने संबोधित कर प्रशिक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।