औरैया। एक्सईएन सदर डिवीजन में मीटर रीडिंग कर्मियों की लापरवाही और ठीक से काम न करने पर अधीक्षण अभियंता ने पेस कंप्यूटर टेक्नालॉजी को नोटिस जारी किया है। इसमें उन्होंने जल्द सुधार न करने पर एफआईआर दर्ज कराने व प्रतिबंधित करने की संस्तुति करने की चेतावनी भी दी है।
सदर डिवीजन में मीटर रीडिंग और बिलिंग का काम कर रही मैंसर्स पेस कंप्यूटर वी टेक्नालॉजी आगरा के कलस्टर मैनेजर को जारी पत्र में अधीक्षण अभियंता अनूप चंद्र ने कहा कि उनकी फर्म द्वारा बिलिंग प्रतिशत व गुणवत्ता में तमाम खामियां पाई जा रही हैं। इस संदर्भ में लगातार सुधार करने को हिदायत दिए जाने के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। एक्सईएन सदर की ओर से दिए गए पत्र में सुपरवाइजरों को बिलिंग मानीटरिंग के लिए बुलाए जाने की बात को नजरंदाज कर दिया जाता है। ऐसे में बिलिंग का काम बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। अधीक्षण अभियंता ने कर्मचारियों की कार्यशैली के अलावा दिए गए काम को गुणवत्ता पूर्वक कराए जाने की हिदायत दी है। चेतावनी भी दी कि यदि जल्द ही सुधार न किया तो उनकी कंपनी को दिए गए काम के प्रति प्रतिबंध लगाए जाने की दिशा में उच्चाधिकारियों को संस्तुति पत्र भेजने व एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।